हिज़्बुल्लाह ने एक वीडियो संदेश जारी करके इस्राईल व अतिग्रहित क्षेत्रों में संवेदनशील ठिकानों का सटीक ब्योरा दिया है और कहा है कि अगर ज़ायोनी शासन, लेबनान पर हमला करता है तो इन इलाक़ों को निशाना बनाया जाएगा। याद रहे कि ज़ायोनी शासन के युद्धक विमानों ने हालिया दिनों कई बार लेबनान की वायु सीमा का उल्लंघन किया है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव नंबर 1701 के अनुसार, जो सन 2006 में लेबनान के ख़िलाफ़ इस्राईल के 33 दिवसीय युद्ध के बाद पारित हुआ था, ज़ायोनी शासन, लेबनान के ख़िलाफ़ किसी भी तरह की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही नहीं कर सकता लेकिन इस्राईल ने हमेशा ही इस प्रस्ताव की अनदेखी की है और वह लेबनान की जल, थल और वायु सीमा का उल्लंघन करता रहता है। लेबनान ने कई बार संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं से मांग की है कि वे ज़ायोनी शासन के हमलों को रुकवाने के लिए तुरंत कार्यवाही करें।