20 जून 2020 - 17:54
अमरीकियों से हमें कोई डर नहीं, हमारी तो आरज़ू थी कि मैदान में मुक़ाबला होता मगर वह भाग निकलेः अंसारुल्लाह

यमन के शक्तिशाली और लोकप्रिय अंसारुल्लाह आंदोलन के प्रमुख अब्दुल मलिक अलहौसी ने कहा कि हम अमरीकियों से नहीं डरते, हमारी तो आरज़ू थी कि मैदान में उनसे मुक़ाबला होता मगर वह भाग निकले।

अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार अब्दुल मलिक हौसी ने कहा कि हमारे इस्लामी जगत के अलग अलग देशों में अमरीका का हस्तक्षेप खुली दुशमनी के तहत है जिससे केवल संकट और समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका इस्लामी जगत को आर्थिक, सामरिक, सुरक्षा हर स्तर पर निशाना बना रहा है।

अब्दुल मलिक अलहौसी ने कहा कि अमरीका भाग निकला वह मैदान में हमारे सामने नहीं आया बल्कि अपने एजेंटों के पीछे छिपकर लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमरीकी चाहते हैं कि यमन में अपने ठिकाने बना लें लेकिन इस शर्त के साथ कि उनके एजेंट अगली पंक्तियों में रहें।

अंसारुल्लाह के प्रमुख ने कहा कि अमरीकी इस समय यमन में चरमपंथी वहाबी सगठनों की मदद कर रहे हैं और उनकी मदद से यमनी राष्ट्र को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहे हैं।