12 जून 2020 - 13:29
अमरीका के हालात बिगड़े, प्रदर्शनकारियों का सियाटल पर नियंत्रण, ट्रम्प ने बताया आतंकवादी

अमरीका में अन्याय और नस्लभेद के विरुद्ध प्रदर्शनों का क्रम यथावत जारी है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका भर में होने वाले अन्याय के विरुद्ध सियाटल में प्रदर्शन करने वाले हज़ारों लोगों ने शहर के महत्वपूर्ण रास्तों को बंद करके क्षेत्र में स्वाधीन ज़ोन में परिवर्तित कर दिया है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह क्षेत्र अब कैप्टल हिल आटोनोमिस ज़ोन बन गया है। कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ दिनों से जारी झड़पों के बाद अब सियाटल के पुलिस स्टेशन ख़ाली पड़े हैं और वहां कोई कर्मी मौजूद नहीं है।

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने प्रदर्शनकारियों पर हमला करते हुए उन्हें आतंकवादी और दंगाई क़रार दिया। ट्रम्प ने ट्वीट में लिखा कि सियाटल पर आंतरिक आतंकवादियों ने क़ब्ज़ा कर लिया है जिन्हें कट्टरपंथी डेमोक्रेट राजनेताओं का समर्थन प्राप्त है।

ट्रम्प ने एक और ट्वीट में वाशिंग्टन के गवर्नर जे एन्सली और सियाटल की मेयर जेनी ड्रेकिन की आलोचना और उन्हें संबोधित करते हुए धमकी दी कि वह शहर को तुरंत नियंत्रण में लें और अगर ऐसा नहीं करेंगे तो ट्रम्प स्वयं यह काम करेंगे।