29 मई 2020 - 14:09
फ़ार्स की खाड़ी में अशांति, सभी क्षेत्रीय देशों के लिए समस्या का कारण बनेगीः मेजर जनरल हातेमी

रक्षामंत्री ने कहा है कि अगर फ़ार्स की खाड़ी में शांति रहती है तो सारे ही क्षेत्रीय देश इस शांति का लाभ उठा सकते हैं।

ईरान के रक्षामंत्री का कहना है कि फ़ार्स की खाड़ी में अशांति, सभी क्षेत्रीय देशों के लिए अशांति का कारण बनेगी।  मेजर जनरल अमीर हातेमी ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी के देशों पर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की ज़िम्मेदारी है।  उन्होंने कहा कि पड़ोसियों की ओर से अमरीका को इस क्षेत्र में आने का न्योता, एक बहुत बड़ी स्ट्रैटेजिक ग़लती है।

ईरान के रक्षामंत्री ने कहा कि लगभग एक शताब्दी का अनुभव बताता है कि फ़ार्स की खाड़ी में शांति स्थापित करने के बहाने विदेशियों की यहां पर उपस्थिति, क्षेत्रीय अशांति एवं सकट का कारण रही है।  उनका कहना था कि विदेशी ईरानोफ़ोबिया फैलाकर फ़ार्स की खाड़ी के देशों को अरबों डाॅलर के हथियार बेचते हैं और साथ ही यहां पर अपनी छावनियों को सुरक्षित रखते हैं। मेजर जनरल हातेमी ने कहा कि ईरान की नौसेना ने समुद्र में संरक्षण के क्षेत्र में अपनी मज़बूत छवि स्थापित की है।