29 मई 2020 - 14:00
पश्चिमी तट के इस्राईल में विलय की योजना के विरोधी हैंः जार्डन

जार्डन ने भी पश्चिमी तट के इस्राईल में विलय की योजना का खुलकर विरोध किया है।

जार्डन के विदेशमंत्री ने कहा है कि फ़िलिस्तीन की भूमि के किसी भी हिस्से को इस्राईल में मिलाने की हर योजना का उनका देश कभी भी समर्थन नहीं करेगा।  उन्होंने कहा कि यह मुद्दा, जार्डन तथा ज़ायोनी शासन के बीच तनाव उत्पन्न करेगा।

ऐमन अस्सफ़दी ने अमरीकी विदेशमंत्री माइम पोम्पियो से टेलिफोनी वार्ता में कहा कि क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए व्यापक न्यायपूर्ण शांति बहुत ज़रूरी है।  उन्होंने इस टेलिफोनी वार्ता में फ़िलिस्तीन संकट के समाधान के लिए पुनः वार्ता आरंभ किये जाने की बात कही।  इससे पहले जार्डन के शासक अब्दुल्लाह द्वितीय, श्पेगल साप्ताहिक पत्रिका को दिये अपने साक्षात्कार में कह चुके हैं कि ज़ायोनी शासन में फ़िलिस्तीनी भूमि को मिलाने के इस्राईल के क़दम पर जार्डन के साथ उसका युद्ध शुरू हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस्राईल ने एलान किया है कि वह जूलाई से जार्डन नदी के पश्चिमी तट के भाग को ज़ायोनी शासन में मिलाना आरंभ करेगा।  नेतनयाहू के इस फैसले की व्यापक स्तर पर निंदा की जा रही है।