12 मई 2020 - 14:37
भारत में कोरोना का क़हर, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में सबसे अधिक तबाही

भारत में कोरोना का क़हर जारी है और कोरोना रोगियों की संख्या 70 हज़ार से अधिक हो गयी है जबकि पिछले चौबीस घंटों के दौरान 3604 नए रोगी सामने आए हैं और इस दौरान 87 लोगों की मौत हो गई।

रिपोर्ट में बताया गया है कि कोरोना से अब तक हुई कुल मौतों में लगभग 84 प्रतिशत मौतें, पांच राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार कोरोना रोगियों की संख्या 70,756 तक पहुंच गई है जबकि मृतकों का आंकड़ा 2293 हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस बीच स्वस्थ होने वाले रोगियों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। अब तक 22,455 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। 1,538 मरीज पिछले 24 घंटे के दौरान स्वस्थ हुए हैं।

देश में स्वस्थ होने वाले मरीज़ों का प्रतिशत 32 प्रतिशत के क़रीब दर्ज किया गया है। इस समय देश के विभिन्न अस्पतालों में 46,008 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में रोगियों की संख्या 23,401, गुजरात में 8,541, तमिलनाडु में 8,002 तथा दिल्ली में 7,233 तक पहुंच गई है।