29 अप्रैल 2020 - 11:30
यह न्यूयाॅर्क की खाड़ी नहीं, फ़ार्स की खाड़ी हैः अमरीकियों को ईरानी राष्ट्रपति की चेतावनी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि फ़ार्स की खाड़ी, ईरानी राष्ट्र के नाम पर है और अमरीकियों को यह जान लेना चाहिए कि इस जलमार्ग का नाम न्यूयाॅर्क की खाड़ी या वाॅशिंग्टन की खाड़ी नहीं है।

29 अप्रैल सन 1622 में दक्षिणी ईरान की जलसीमा से पुर्तगाली साम्राज्यवादियों को निकाल दिया गया था और इसी लिए हर साल 29 अप्रैल को फ़ार्स की खाड़ी के राष्ट्रीय दिवस के तौर पर मनाया जाता है। राष्ट्रपति डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को मंत्रीमंडल की बैठक में इस दिन की बधाई देते हुए कहा कि अमरीकियों को फ़ार्स की खाड़ी के नाम और उस राष्ट्र को ध्यान में रखते हुए जिसने हज़ारों बरस से इस जलमार्ग की रक्षा की है, हालात को समझना चाहिए और हर दिन ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ षड्यंत्र नहीं करना चाहिए। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरानी राष्ट्र, फ़ार्स की खाड़ी की रक्षा में हमेशा सफल रहा है, कहा कि ईरानी सेना के जवाब हमेशा से फ़ार्स की खाड़ी के रक्षक थे और आगे भी रहेंगे।

 

ईरान के राष्ट्रपति ने इसी तरह कोरोना से संघर्ष के लिए देश की ओर से अपनाए गए उपायों की तरफ़ इशारा किया और कहा कि अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने टेलीफ़ोनी वार्ता में उनका आभार प्रकट किया कि ईरान ने इस वायरस से संघर्ष के लिए बहुत ही मज़बूत और संगठित काम किया है। डाॅक्टर रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि प्रतिबंधों के बावजूद, ईरान कोरोना से संघर्ष के लिए अपने पैर पर खड़ा है, कहा कि ईरान एक ऐसे स्थान पर पहुंच चुका है कि वह एंडी बाॅडी डाइग्नोस किट निर्यात भी कर सकता है।