24 अप्रैल 2020 - 13:42
कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में ट्रम्प प्रशासन की नाकामी के बाद, ईरान की अमरीकी जनता को मदद की पेशकश

ईरान के स्वास्थ्य मंत्री सईद नमकी ने कहा है कि हम समस्याओं में घिरी हुई अमरीकी जनता की मदद के लिए तैयार हैं।

गुरुवार को नमकी ने ट्वीट करके कहाः विश्व स्वास्थ्य संगठन की बैठक में अमरीकी स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की है कि वाशिंगटन, कोरोना महामारी का मुक़ाबला करने के लिए तेहरान की मदद के लिए तैयार है, जबकि वास्तविकता यह है कि कोरोना से मुक़ाबले के लिए अगर किसी देश को सबसे ज़्यादा मदद की ज़रूरत है तो वह अमरीका है, और हम अमरीकी जनता को इस गंभीर संकट से निकालने के लिए अपनी मदद की पेशकश करते हैं।

ईरानी स्वास्थ्य मंत्री का कहना था कि ईरान ने ईश्वर की सहायता और जनता तथा अधिकारियों के सहयोग से काफ़ी हद तक कोरोना पर क़ाबू पा लिया है।

उन्होंने कहा कि ट्रम्प प्रशासन कोरोना संकट में बुरी तरह से फंसा हुआ है और उसने अपनी ग़लत नीतियों से अमरीकी जनता के लिए समस्याओं को दोगुना कर दिया है, ईरान, अमरीकी जनता को इन परिस्थितियों से मुक्ति दिलाने के लिए हाज़िर है।

ग़ौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान अमरीका में कोरोना से 3,332 लोगों की मौत हो गई, इसी के साथ अमरीका में मरने वालों की कुल संख्या क़रीब 50,000 तक पहुंच गई। अमरीका में अब तक 8 लाख 69 हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

ईरान में कोरोना से 5,574 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि संक्रमितों की संख्या 88,194 है। पिछले 24 घंटों के दौरान ईरान में 93 कोरोना के मरीज़ों की मौत हो गई।