23 अप्रैल 2020 - 13:42
तेहरान में स्वीज़रलैंड के राजदूत तलब, ईरान की आपत्ति से अमरीका को सूचित करने के लिए कहा गया

स्वीज़रलैंड के राजदूत को तेहरान में विदेश मंत्रालय में तलब किया गया, जो ईरान में अमरीकी हितों के रक्षक समझे जाते हैं।

गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने फ़ार्स की खाड़ी में अमरीका की भड़काउ कार्यवाही का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तेहरान में अमरीकी हितों के रक्षक के रूप में स्वीज़रलैंड के दूत को विदेश मंत्रालय में तबल किया कया गया और एक नोट के ज़रिए उनसे, ईरानी तटों और फ़ार्स की खाड़ी के उत्तरी जलक्षेत्र के पास अमरीकी नौसैनिकों की भड़काउ कार्यवाही पर ईरान की आपत्ति से अमरीका को अवगत करने के लिए कहा गया। ग़ौरतबल है कि ईरानी तटों और उत्तरी फ़ार्स खाड़ी के जलक्षेत्र के पास अमरीकी नौसैनिकों की मौजूदगी और उनकी ग़ैर क़ानूनी गतिविधियों पर ईरान को आपत्ति है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस नोट में अमरीकी सरकार को याद दिलाया गया कि जहाज़रानी की सुरक्षा के अंतर्राष्ट्रीय क़ानून पर सभी को अमल करना है। उन्होंने कहा कि डोनल्ड ट्रम्प को नसीहत की गयी कि क्षेत्र सहित दुनिया में कोरोना वायरस के फैलाव की मौजूदा हालत में बेहतर होगा कि वह संकट के लिए दूसरों को ज़िम्मेदार ठहराने से बचें। इसी तरह ट्रम्प को सुझाव दिया गया कि वह अपने देश में फैल रहे कोरोना वायरस को क़ाबू में करने के लिए अपनी सैन्य नौकाओं को वापस बुलाकर उसे काम में लाएं।