इराक़ी हिज़्बुल्लाह के जारी बयान में स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी के ठिकानों पर अमरीकी आतंकवादी सेना की बमबारी की निंदा करते हुए कहा गया है कि हमलावरों के उसके दुस्साहस का जवाब अवश्य दिया जाएगा।
बयान में अमरीकी सैनिकों के निष्कासन पर बल देते हुए कहा गया है कि अमरीकी आतंकवादी सेना को शीघ्र ही देश से खदेड़ दिया जाएगा।
उधर अलबद्र पार्टी के संसदीय दल के प्रमुख करीम अलयवी ने स्वयं सेवी बलों के ठिकानों पर हमले के विरुद्ध संसद का आपातकालीन सत्र बुलाने के लिए सांसदों के हस्ताक्षर हासिल कर लिए हैं।
उनका कहना था कि यह सत्र इसी सप्ताह बुलाया जाए और इसमें मौजूद केयर टेकर प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी को भी बुलाया जाए।
इसी मध्य इराक़ी विदेशमंत्रालय ने बग़दाद में तैनात अमरीकी राजदूत को तलब करके स्वयं सेवी बलों पर किए जाने वाले हमलों पर एक बार फिर आपत्ति जताई है।
यह दूसरी बार है कि जब इराक़ में अमरीकी राजदूत को तलब करके अमरीका के आतंकवादी हमलों पर आपत्ति जताई है।
दूसरी ओर बग़दाद में अमरीकी दूतावास ने एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि क्षेत्रीय संकटों को देखते हुए अरबील में अमरीकी वाणिज्यदूतावास की समस्त गतिविधियां दो दिन के लिए बंद कर दी गयी हैं। बग़दाद में अमरीकी दूतावास की गतिविधियां पहले से ही बंद हैं और अमरीकी नागरिकों से कहा गया है कि यथासंभव इराक़ की यात्रा न करें।