9 मार्च 2020 - 18:20
पुतीन ने अर्दोग़ान को दरवाज़े पर करवाया इंतेज़ार, थक कर बैठ गए तुर्क राष्ट्रपति और छत को घूरते रहे विदेश मंत्री!

रूस के टीवी चैनल ने एक रिपोर्ट प्रसारित की है जिसमें यह बताया गया है कि तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ जब मास्को की यात्रा पर आए थे और रूसी राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन से मिलने जा रहे थे तो हाल के दरवाज़े पर उन्हें इंतेज़ार करना पड़ा।

अर्दोग़ान जब उस हाल के दरवाज़े पर पहुंचे जिसके भीतर व्लादमीर पुतीन उनका स्वागत करने वाले थे तो उन्हें दो मिनट का इंतेज़ार करना पड़ा। इस बीच अर्दोग़ान के साथ मौजूद तुर्क अधिकारियों के चेहरे पर खिसियाहट साफ़ दिखाई दी।

रिपोर्ट के अनुसार अर्दोग़ान दरवाज़े के पास बैठ गए जबकि उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य खड़े रहे। इस बीच तुर्क इंटेलीजेन्स चीफ़ अपने हाथ में मौजूद काग़ज़ को उलट पलट कर देखने लगे जबकि विदेश मंत्री चावुश ओग़लू छत को घूर रहे थे।