वाशिंगटन में एक संवाददाता सम्मेलन में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति भारत और अमेरिका के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों के प्रदर्शन के लिए भारत जा रहे हैं। यह संबंध लोकतांत्रिक परंपरा, साझा रणनीति एवं आर्थिक हितों तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी रिश्तों पर आधारित हैं।
इस अधिकारी ने दावा किया कि इस यात्रा के दौरान आर्थिक और ऊर्जा क्षेत्रों में समझौतों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
भारत के सरकारी सूत्रों का दावा है कि शिखर बैठक में दोनों देशों के बीच पांच समझौते किये जाने की तैयारी हो रही है। इनमें करीब 25 हज़ार करोड़ रुपए के रक्षा सौदों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।
भारत के केन्द्रीय मंत्रिमंडल की रक्षा संबंधी समिति ने हाल ही में नौसेना के लिए 24 रोमियो मल्टीमिशन हेलीकॉप्टर, वायुसेना के लिए छह अपाचे युद्धक हेलीकॉप्टर और छह पी 8 आई समुद्री टोही विमान खरीदने के सौदों को मंज़ूरी दी है। ज्ञात रहे कि भारत और अमरीका के बीच 2018 में आपसी व्यापार 142 अरब डॉलर के पार पहुंच गया था।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प 24 फ़रवरी को भारत का दो दिवसीय दौरा कर रहे हैं।