विदेशमंत्री ने म्युनिख़ सुरक्षा कांफ़्रेंस के अवसर पर बीबीसी न्यूज़ चैनल से बात करते हुए इस बात पर बल दिया कि ईरान, पड़ोसी देशों के साथ तनाव नहीं चाहता और अपने पड़ोसियों की सुरक्षा को अपनी ही सुरक्षा समझता है।
जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि क़ुद्स ब्रिगेड के कमान्डर की शहादत के बाद सऊदी अरब ने ईरान को यह संदेश दिया कि वह तेहरान के साथ वार्ता में रुचि रखता है, इसलिए हमने सऊदी अरब के संदेश का सकारात्मक जवाब दिया लेकिन उसके बाद उसकी ओर से कोई जवाब नहीं आया।
ईरान के विदेशमंत्री ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात पश्चिमी एशिया के क्षेत्र में तनाव फैलाने के प्रयास में हैं, कहा कि ईरानी राष्ट्रपति की प्रस्तावित हुर्मुज़ स्ट्रेट योजना पर कुवैत, क़तर और ओमान ने रुचि दिखाई किन्तु अब तक सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात और बहरैन से कोई जवाब नहीं मिला।
विदेशमंत्री ने कहा कि यदि पड़ोसी देश चाहें तो तनाव की समाप्ति के लिए बहुत से रास्ते मौजूद हैं किन्तु यहां सबसे महत्वपूर्ण बात पड़ोसी देशों का संकल्प और इरादा है।