दोहा : कतर ने कहा है कि वह क्षेत्र में युद्ध खत्म कराने के लिए ईरान, अमेरिका और अन्य मध्यस्थ देशों के साथ मिलकर प्रयास कर रहा है। कतर का कहना है कि क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति बहाल करने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाना जरूरी है।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि दोहा, तेहरान, वॉशिंगटन और दूसरे मध्यस्थ देशों के साथ मिलकर युद्ध खत्म कराने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कतर सऊदी अरब का समर्थन करता है और क्षेत्र के अपने सहयोगी देशों के साथ लगातार संपर्क में है।
इस्राईल के साथ शांति की संभावनाओं पर उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि अफसोस की बात है कि तल अवीव में शांति के लिए कोई साझेदार नजर नहीं आता।
कतर के विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी कर कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संकट को सुलझाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। ये प्रयास रुके नहीं हैं और कतर क्षेत्र में तनाव खत्म करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच संकट का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। जितनी जल्दी बातचीत के जरिए समाधान निकलेगा, उतना ही बेहतर होगा। मंत्रालय के अनुसार, बातचीत ही ऐसा रास्ता है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखी जा सकती है।
कतर ने हुर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को भी क्षेत्र के सभी देशों की सुरक्षा का अहम हिस्सा बताया।
इसके अलावा, मंत्रालय ने कहा कि इंटरनेट बंद होने से क्षेत्र के सभी देश प्रभावित होंगे, जिनमें ईरान भी शामिल है।
आपकी टिप्पणी