1 जनवरी 2020 - 13:05
ट्रम्प के फैसले ने अमरीकी कूटनयिकों और सैनिकों के जीवन को ख़तरे में डाल दियाः वारेन

राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी एलीज़बेत वारेन का कहना है कि ट्रम्प के फैसले ने हमारे कूटनयिकों और सैनिकों के जीवन को ख़तरे में डाल दिया है।

अमरीका के आगामी राष्ट्रपति चुनाव की प्रत्याशी एलीज़बेत वारेन ने कहा है कि बग़दाद की घटनाएं, ट्रम्प की ग़ैर सोची-समझी नीति का परिणाम हैं।  उन्होंने कहा कि ट्रम्प के निर्णय ने हमारे कूटनयिकों और सैनिकों के जीवन को ख़तरे में डाल दिया है।  उनका कहना था कि ट्रम्प के इस निर्णय ने हमें युद्ध के बहुत निकट ला खड़ा किया है।

2020 के राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी Elizabeth Warren ने कहा कि इराक़ सरकार की इच्छा के विरुद्ध इस देश के स्वयंसेवी बलों के ठिकाने पर हवाई कार्यवाही ने हमको संकट में डाल दिया है।  उन्होंने कहा कि हमको समाप्त न होने वाले युद्धों को समाप्त करना होगा और साथ ही हम यह भी फैसला करें कि कोई युद्ध आरंभ नहीं करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 29 दिसंबर 2019 की शाम को अमरीकी युद्धक विमानों ने इराक़ के अलक़ाएम क्षेत्र में इस देश के स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के कुछ ठिकानों पर बमबारी की जिसमें उसके 25 जवान शहीद और दसियों अन्य घायल हो गए।  इन शहीदों की शवयात्रा समाप्त करने के बाद हज़ारों इराक़ियों ने बग़दाद में अमरीकी दूतावास को घेर लिया और अमरीका मुर्दाबाद के नारे लगाए।