20 दिसंबर 2019 - 17:05
दवाओं पर प्रतिबंध, मरीज़ बच्ची ने दम तोड़ दिया, ईरानी प्रतिनिधि के भाषण से अमरीकी महलों में भूकंप

संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के प्रतिनिधि कार्यालय ने परमाणु समझौते पर ईरान और अमरीका के बीच किसी भी प्रकार की बातचीत के बारे में पश्चिमी मीडिया के दावों को रद्द कर दिया है।

संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के प्रतिनिधि कार्यालय के प्रेस अटैची अली रज़ा मीरयूसुफ़ी ने उस फ़िल्म के बारे में जिसमें संयुक्त राष्ट्र संघ में अमरीकी प्रतिनिधि केली क्राफ़्ट को ईरानी प्रतिनिधि मजीद तख़्ते रवान्ची के पास जाते हुए दिखाया गया है, कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के कार्यक्रम के अनुसार बैठक की समाप्ति पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधि एक दूसरे से मिलते और बात करते हैं और सुरक्षा परिषद की बैठक की समाप्ति पर अमरीकी प्रतिनिधि भी ईरानी प्रतिनिधि की ओर गयीं।

उन्होंने कहा कि अमरीकी प्रतिनिधि उस मरीज़ बच्ची के बारे में ईरानी प्रतिनिधि से पूछ रही थीं जिनका वर्णन उन्होंने अपने भाषण में किया था और ईरानी प्रतिनिधि ने भी उनका जवाब दिया।

ईरान के प्रतिनिधि कार्यालय के प्रेस अटैची ने कहा कि इस संक्षिप्त बातचीत में इसके अतिरिक्त किसी और विषय पर कोई बातचीत नहीं हुई। ईरानी प्रतिनिधि ने गुरुवार को सुरक्षा परिषद में अपने संबोधन के दौरान ईरान विरोधी अमरीकी प्रतिबंधों की निंदा करते हुए कहा था कि अमरीका द्वारा ईरान के विरुद्ध दवाओं की सप्लाई पर भी प्रतिबंध की वजह से आवा नामक दो वर्षीय बच्ची जो ईबी बीमारी में ग्रस्त थी, दवाओं की कमी की वजह से दम तोड़ गयी।