इसी के साथ इस्राईली रक्षा मंत्री नफ़ताली बेनेट ने दावा किया कि वह इस बात की क़सम खाते हैं कि तेहरान को सीरिया में पैर जमाने नहीं देंगे।
इससे पहले भी इस्राईली प्रधान मंत्री नेतनयाहू और वरिष्ठ अधिकारी ईरान की ओर से किसी ख़तरे से पहले ही हमले की धमकी दे चुके हैं।
इस्राईल, तथाकथित ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के बहाने आए दिन युद्ध ग्रस्त सीरिया पर हमले करता रहता है। उसका दावा है कि ईरान उसके इर्द-गिर्द आग का एक दायरा बना रहा है और उसके (अवैध) अस्तित्व को मिटाना चाहता है।
युद्ध प्रेमी इस्राईली रक्षा मंत्री बेनेट ने रविवार को एक कांफ्रेंस में दावा कियाः “यह अब कोई राज़ नहीं रहा है कि ईरान इस्राईल के चारो ओर आग का एक दायरा बनाने का प्रयास कर रहा है, लेबनान में वह पहले ही ऐसा कर चुका है और अब सीरिया, ग़ज्ज़ा और दूसरे इलाक़ों में भी वही करने का प्रयास कर रहा है। इस्राईली सेना ईरानी ख़तरे का मुक़ाबला करने के लिए कठिन प्रयास कर रही है। यही वह सबसे उचित समय है, जब इस्राईल को रक्षा से हमले की ओर बढ़ना चाहिए।”
इस्राईली मंत्री का कहना था कि हमें निंयत्रित कार्यवाही से हमले की ओर बढ़ना चाहिए।
बेनेट ने दावा किया कि ईरान, सीरिया में स्थायी रूप से बने रहना चाहता है और सीरिया उसके लिए वियतनाम बन जाएगा।
ईरान, सीरियाई अधिकारियों के इस तरह के दावों को पहले ही ख़ारिज कर चुका है और उसका कहना है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में सीरियाई सेना की मदद के लिए दमिश्क़ सरकार के निमंत्रण पर उसके सैन्य सलाहकार क़ानूनी रूप से इस देश में मौजूद हैं। लेकिन इस्राईल सीरिया और लेबनान की वायु सीमा का आए दिन उल्लंघन करके और ग़ज्ज़ा में निहत्थे फ़िलिस्तीनियों पर बमबारी करके अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन कर रहा है।
वास्तव में सीरिया और इराक़ में आतंकवादी गुट दाइश की पराजय और सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों पर हवाई हमलों के बाद इस्राईली अधिकारी बहुत ज़्यादा डरे हुए हैं और घबराहट में वे इस तरह के निराधार दावे कर रहे हैं।
शुक्रवार को इस्राईल के विदेश मंत्री यिसराईल काट्ज़ ने धमकी देते हुए कहा था कि हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं बना देंगे, अगर हमारे पास केवल हमले का विकल्प बचता है तो हम हमला करेंगे।
इस्राईल, ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने का दावा ऐसी स्थिति में कर रहा है कि जब उसके पास 200 से 400 तक परमाणु वारहेड मौजूद हैं और हाल ही में उसने परमाणु वारहेड ले जाने में सक्षम एक मिसाइल का परीक्षण किया है।