ईरान के उप राष्ट्रपति इस्हाक़ जहांगीरी ने कहा है कि देश की हालिया अशांति में क्षेत्रीय देशों की भूमिका यदि सिद्ध हो जाए तो निश्चित रूप से उनको कड़ा जवाब दिया जाएगा। इस्हाक़ जहांगीरी ने शनिवार को कहा कि क्षेत्रीय देशों को ईरान के साथ सम्मान के साथ व्यवहार करते हुए आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसा न करने की स्थिति में उनको अवश्य जवाब दिया जाएगा।
ईरान के उप राष्ट्रपति इस्हाक़ जहांगीरी ने कहा है कि अमरीकी चाहते हैं कि प्रतिबंध लगाकर ईरान की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया जाए किंतु इसमें वे विफल रहे। उन्होंने कहा कि इस काम में विफल होने के बाद वाशिग्टन ने ईरान में अशांति फैलाने के प्रयास किये इस षडयंत्र में भी उन्हें विफलता ही मिली।
ज्ञात रहे कि पेट्रोल के मूल्यों में बढ़ोत्तरी की योजना के ख़िलाफ़ 15 नवंबर को तेहरान सहित ईरान के कई नगरों में होने वाले शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को कुछ असमाजिक तत्वों ने हिंसक बनाते हुए बैंकों, वाहनों, दुकानों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुक़सान पहुंचाया।
बाद में राजधानी तेहरान सहित बहुत से शहरों में जनता ने उपद्रवियों की विध्वंसक गतिविधियों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए। शुक्रवार की जुमे की नमाज़ के बाद भी ईरान के कई, शहरों में जनता ने प्रदर्शन करके अमरीका मुर्दाबाद, इस्राईल मुर्दाबाद और उपद्रवी मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसी तरह जनता ने उपद्रवियों से विरक्तता का एलान करते हुए देश की सुरक्षा एवं प्रभुसत्ता का भी समर्थन किया।