6 नवंबर 2019 - 15:31
एक और इस्राईली जनरल ने रोया ईरानी हमले का दुखड़ा, कहा ईरानी सैनिक हमारी दहलीज़ तक पहुंच चुके हैं

टाइम्स ऑफ़ इस्राईल की रिपोर्ट के मुताबिक़, मंगलवार को एक अन्य इस्राईली जनरल ने इस्राईल के ख़िलाफ़ ईरान के हमले का दुखड़ा रोते हुए कहा है कि इस ख़तरे को देखते हुए ज़ायोनी सेना के बजट में वृद्धि होनी चाहिए।

इस्राईली सेना के ऑप्रेशन चीफ़ मेजर जनरल अहारोन हालिवा का कहना थाः गोलान हाइट्स में आईआरजीसी की क़ुद्स फ़ोर्स मौजूद है, मैं यह कहकर ख़ौफ़ पैदा नहीं करना चाह रहा हूं कि वे वहां हैं।

इस्राईली जनरल ने आगे कहा, इस तरह के संकेत हैं कि 2020 सुरक्षा की दृष्टि से इस्राईल के लिए एक बुरा साल होगा।

मेजर जनरल हालिवा ने सऊदी तेल प्रतिष्ठानों पर हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि ईरानी सेना के पास कितनी शक्ति है।

ग़ौरतलब है कि मध्यपूर्व में दाइश की पराजय के बाद से इस्राईली अधिकारी लगातार ईरान के साथ युद्ध की संभावना जता रहे हैं।

सितम्बर में सऊदी तेल प्रतिष्ठानों पर बिल्कुल नई स्ट्रैटेजी से सटीक हमलों ने तो इस्राईलियों की नींद ही उड़ाकर रखी दी है।

हालांकि यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी, लेकिन इसके बावजूद, इस्राईल और अमरीका ईरान पर इन हमलों का आरोप लगा रहे हैं। उनका दावा है कि इस क्षेत्र में ईरानी सेना के अलावा कोई सेना इस तरह के हमले करने में सक्षम नहीं है।

इस्राईली जनरल का कहना है कि यह बहुत ही जटिल हमला था, जिसने अमरीका और सऊदी अरब दोनों की रक्षात्मक शक्ति को तहस नहस करके रख दिया, अब अगर कोई कहता है कि ऐसा हमला हम पर नहीं हो सकता तो वह पेशेवर नहीं है।

मेजर जनरल हालिवा ने कहा, ईरान ने इस्राईल के ख़िलाफ़ हर तरफ़ जाल बिछा रखा है और वह रोज़ नए नए मोर्चे खोल रहा है।