24 अक्टूबर 2019 - 13:19
क्या अमरीका ने ग़ैर पारम्परिक युद्ध का ढोल पीटना शुरू कर दिया है? नैटो ने रूस के ख़िलाफ़ परमाणु युद्ध का किया अभ्यास!

इस्राईल के चैनल 12 ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि जर्मन सेना ने नैटो के कुछ अन्य सदस्य देशों की सेनाओं के साथ मिलकर हालिया समय में कई ख़ुफ़िया सैन्य अभ्यास किए जिनमें परमाणु युद्ध का अभ्यास भी शामिल था। टीवी चैनल ने उच्च स्तरीय सुरक्षा सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है।

सूत्रों ने बताया कि अभ्यास में युद्धक विमानों के माध्यम से परमाणु हमला होने की परिस्थितियों को तैयार किया गया। कोशिश की जा रही है कि सेनाओं को परमाणु युद्ध के दौरान विशेष गतिविधियां  और विशेष रूप से जवाबी हमले करने की प्रैक्टिस करवाई जाए।

चैनल 12 की वेबसाइट पर भी इस रिपोर्ट के बारे में विस्तार से बताया गया है और कहा गया है कि अमरीका इस समय हालैंड, बेल्जियम, इटली और तुर्की में परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ा रहा है लेकिन इसके साथ ही यह कोशिश भी जारी है कि तुर्की की इंजरलीक छावनी में रखे गए परमाणु बमों को वहां से हटा लिया जाए क्योंकि अंकारा के साथ वाशिंग्टन के संबंध ख़राब हो गए हैं और अमरीका को डर है कि परमाणु बमों पर क़ब्ज़ा करने के लिए तुर्क राष्ट्रपति अर्दोग़ान कोई ख़तरनाक खेल खेल सकते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यूरोपीय देशों की ओर से परमाणु युद्ध के अभ्यास से यह अंदाज़ा होता है कि यूरोपीय देशों को परमाणु युद्ध के ख़तरों को लेकर चिंता बढ़ गई है क्योंकि क्रीमिया संकट, यूक्रेन संकट और सीरिया संकट को लेकर रूस से यूरोपीय देशों के संबंध ख़राब हुए हैं।