डाॅक्टर हसन रूहानी ने रविवार को इराक़ के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम अपने संदेश में इमाम हुसैन के अरबईन के श्रद्धालुओं की भरपूर मेहमान नवाज़ी और उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने में इराक़ के सभी लोगों, अधिकारियों और धर्मगुरुओं विशेष कर उच्च धार्मिक नेतृत्व के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने राष्ट्रपति बरहम सालेह और प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी को संबोधित करते हुए लिखा है कि इमाम हुसैन के चेहलुम के विशाल मार्च ने, जिसमें इस साल दसियों लाख श्रद्धालुओं और सत्य प्रेमियों ने भाग लिया, एक बार फिर एक अमर और भुलाई न जाने वाली गाथा रच दी है और आशूरा के सत्य और साहस के संदेश को दुनिया तक पहुंचा दिया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि अरबईन मार्च ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि यह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है बल्कि इतिहास का एक अमर चमत्कार और हुसैनी संस्कृति व आशूरा के आंदोलन को परिचित करवाने का सबसे मज़बूत माध्यम है।
राष्ट्रपति डाॅक्टर हसन रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि यह अंतर्राष्ट्रीय आयोजन, ऐसी विभूतियों से भरा हुआ है जिनके आयाम हर साल पहले से अधिक स्पष्ट होते जा रहे हैं, कहा है कि अरबईन मार्च, पैग़म्बर व उनके परिजनों के प्रेमियों विशेष कर ईरानी व इराक़ी जनता की एकता व एकजुटता और समरसता का प्रदर्शन और इसी तरह अत्याचार, भेदभाव व हिंसा के ख़िलाफ़ एकजुट मोर्चे का गठन है। ज्ञात रहे कि कल शनिवार को ईरान व इराक़ समेत संसार के अधिकांश देशों में पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम के नवासे इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम या अरबईन मनाया गया।