सर्वे के परिणाम से पता चला कि ईरान के क्रांति संरक्षक बल, आईआरजीसी की कुद्स ब्रिगेड के कमांडर, जनरल क़ासिम सुलैमानी, ईरान में सब से अधिक लोकप्रिय राजनीतिक हस्ती हैं।
मैरीलैंड यूनिवर्सिटी के सर्वे में जनरल क़ासिम सुलैमानी, मुहम्मद जवाद ज़रीफ़, सैयद इब्राहीम रईसी, मुहम्मद बाक़िर क़ालीबाफ, महमूद अहमदी नेजाद, हसन रूहानी और मुहम्मद जवाद आज़री जेहरुमी जैसी ईरान की 7 राजनीतिक हस्तियों को शामिल किया गया था।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार जनरल क़ासिम सुलैमानी भारी अंतर से अन्य 6 हस्तियों से आगे निकल गये और सर्वे में भाग लेने वाले 82 प्रतिशत लोगों ने जनरल सुलैमानी के बारे में सकारात्मक राय प्रकट की।
मैरीलैंड यूनिवर्सिटी ने सन 2016 से ईरान में सब से अधिक लोकप्रिय हस्ती के बारे में सर्वे आरंभ किया है जो अब तक जारी है और हर साल के सर्वे में जनरल क़ासिम सुलैमानी सब से अधिक लोकप्रिय हस्ती सिद्ध होते हैं।
सर्वे के अनुसार जनरल सुलैमानी के बाद, ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़, न्यायपालिका के प्रमुख सैयद इब्राहीम रईसी, तेहरान के भूतपूर्व मेयर बाक़िर क़ालीबाफ़, ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदी नेजाद, वर्तमान राष्ट्रपति हसन रुहानी और सब के अंत में ईरान के दूरसंचार मंत्री मुहम्मद जवाद आज़री जेहरुमी ईरान की लोकप्रिय हस्ती बने।