16 अक्टूबर 2019 - 13:10
लाल सागर में तेल टैंकर पर हमला करने वाले, जवाब के लिए तैयार रहेंः शमख़ानी

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद में सचिव ने कहा है कि तेल टैंकर पर हमला करने वालों को ऐसा जवाब दिया जाएगा जिससे वे पछताएंगे।

अली शमख़ानी ने कहा कि लाल सागर में ईरानी तेल टैंकर पर हमले में लिप्त तत्वों को ऐसा जवाब दिया जाएगा जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।  उन्होंने यह बात बुधवार को तेहरान में सीरिया में मामले में रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत के साथ भेंट में कही।  एलेक्ज़ेंडर लावर्नटीव के साथ भेंट में अली शमख़ानी ने पश्चिमी एशिया में अशांति बढ़ाने और दाइश को फिर से जीवित करने के लिए अमरीका की गोपनीय योजना की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस बारे में क्षेत्रीय देशों को बहुत होशियार रहने की ज़रूरत है।  उन्होंने कहा कि किसी भी देश की ओर से आतंकवाद के बारे में दोहरे मानदंड स्वीकार्य नहीं हैं।  अली शमख़ानी का कहना था कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष के लिए सीरिया के इदलिब क्षेत्र के समाधान को कार्यसूचि में सर्वोपरि रखा जाए।

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद में सचिव ने उत्तरी सीरिया पर तुर्की की सैन्य कार्यवाही का विरोध करते हुए कहा कि हर वह कार्यवाही जो क्षेत्र में अशांति का कारण बने उसको तत्काल रोक देना चाहिए।  उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से रक्तपात देख रही है जो अब किसी नए संकट को सहन करना नहीं चाहती।

इस भेंट वार्ता में सीरिया में मामले में रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत एलेक्ज़ेंडर लावर्नटीव ने कहा कि माॅस्को और तेहरान के बीच सहयोग, क्षेत्र में स्थाई शांति स्थापित कर सकता है।