26 सितंबर 2019 - 17:19
नसरुल्लाहः आले सऊद शासन का अंत तय, जनरल क़ासिम सुलैमानी ने कहा था मुझे हिज़्बुल्लाह के 120 कमांडर चाहिएं जो इराक़ में दाइश के ख़

लेबनान के हिज़्बुल्लाह आंदोलन के प्रमुख सैयद हसन नसरुल्लाह ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि आले सऊद शासन अब अधिक समय तक बाक़ी रह पाएगा, ईश्वरीय परम्परा यह कहती है कि वह अधिक दिनों तक सत्ता में नहीं रह पाएंगे।

सैयद हसन नसरुल्लाह ने पांच घंटे का एक विस्तृत इंटरव्यू दिया है जो कई भागों में प्रसारित किया जा रहा है। इंटरव्यू के चौथे भाग में सैयद हसन नसरुल्लाह ने हालिया वर्षों में संकट का सामना होने पर सीरियाई सरकार के मज़बूत प्रतिरोध की वजह बयान की, साथ ही उन्होंने इस्लामी समुदायों को एक दूसरे के क़रीब लाने के विषय, यमन और इराक़ पर सऊदी सरकार की ओर से थोपी जाने वाली अशांति और युद्ध के बारे में ही विस्तार से बात की।

सैयद हसन नसरुल्लाह ने सुप्रीम लीडर के उस फ़तवे का हवाला दिया जिसमें उन्होंने सुन्नी समुदाय की पवित्र हस्तियों के बारे में अपशब्द प्रयोग किए जाने को हराम घोषित किया है। सैयद हसन नसरुल्लाह का कहना था कि मुझे पूर यक़ीन है कि सुप्रीम लीडर ने अपने इस फ़तवे से क्षेत्र और इस्लामी जगत के स्तर पर की गई बेहद भयानक साज़िश को नाकाम कर दिया।

सैयद हसन नसरुल्लाह ने कहा कि सऊदी शासन पर अब बुढ़ापा आ चुका है और प्राकृतिक कारकों के आधार पर शायद यह शासन अब अपने अंतिम दिन गुज़ार रहा है। उन्होंने कहा कि सऊदी शासन अपने इतिहास में कभी भी इतना अपमानित नहीं हुआ जितना इस समय हो रहा है और इसीलिए मुझे लगता है कि आले सऊद शासन अधिक समय तक सत्ता में नहीं टिक पाएगा।

सैयद हसन नसरुल्लाह ने कहा कि यह पहला मौक़ा है कि हम बहुत से अरब देशों में आले सऊद मुर्दाबाद के नारे  सुन रहे हैं।

हसन नसरुल्लाह ने इराक़ में दाइश का संकट शुरू होने के दिनों को याद करते हुए कहा कि कुछ ही दिन गुज़रे थे कि जनरल क़ासिम सुलैमानी लेबनान आए और उन्होंने इराक़ में सैनिक आप्रेशन की कमान संभालने के लिए हिज़्बुल्लाह के 120 कमांडरों की मांग की। सैयद हसन नसरुल्लाह के अनुसार जनरल क़ासिम सुलैमानी ने कहा कि हमें सैनिकों की ज़रूरत नहीं क्योंकि इराक़ में जवानों की संख्या काफ़ी है, हमें कमांडरों की ज़रूरत है। हमने अपने भाइयों को इराक़ भेजा, ईरान-इराक़ सीमा को खोला गया और वहां से हथियारों को इराक़ पहुंचाया गया और दाइश के ख़िलाफ़ युद्ध शुरू हो गया।