20 सितंबर 2019 - 17:34
इस्राईल में सरकार गठन पर रार, प्रधानमंत्री पद के कई दावेदार सामने आ गये

इस्राईल के ब्लू एंड वाइट गठबंधन के प्रमुख बनी गैनेट्ज़ ने बिनयामीन नेतेनयाहू के साथ गठबंधन सरकार के गठन को अपने प्रधानमंत्री पद से सशर्त कर दिया है।

ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री बेनयामीन नेतेनयाहू की ओर से पराजय स्वीकार करने और समग्र सरकार के गठन की अपील के बाद बनी गैनेट्ज़ ने कहा कि यदि उन्हें प्रधानमंत्री बनाया जाए तो वह लिकोड पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं।

ब्लू एंड वाइट एलाएंस की ओर से जारी बयान में यह बात बल देकर कही गयी है कि लिकोड पार्टी, बनी गैनेट्ज़ को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार कर ले तो उसके साथ गठबंधन हो सकता है।

ज्ञात रहे कि ज़ायोनी शासन के केन्द्रीय चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गये परिणामों के अनुसार बनी गैनेट्ज़ के नेतृत्व वाले ब्लू एंड वाइट एलाएंस ने संसद की 33 और नेतेनयाहू के नेतृत्व वाली लिकोड पार्टी ने 32 सीटें हासिल की हैं।

इस्राईल में सरकार बनाने के लिए 120 सीटों वाली संसद में 61 सीटों की आवश्यकता होती है जो कोई भी पार्टी हासिल नहीं कर पायी।