16 सितंबर 2019 - 17:07
यमनियों के हमले के बाद सऊदी अरब की 50 प्रतिशत तेल पैदावार रुकी, यमनियों ने रियाज़ पर हमले की धमकी दे दी

सऊदी अरब के ऊर्जामंत्री ने घोषणा की है कि आराम्को पर यमनी सेना के ड्रोन हमले से सऊदी तेल की 50 प्रतिशत पैदावार रुक गयी है।

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान ने शनिवार की रात कहा कि आराम्को की बक़ीक़ और हरीज़ आयल रिफ़ाइनरियों पर यमन के ड्रोन हमले के परिणाम में दोनों आयल रिफ़ाइनरियों में तेल की पैदावार रुक गयी है।

दूसरी ओर यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के पोलिटिकल ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य मुहम्मद अलबुख़ैती ने सचेत किया है कि यदि यमन के विरुद्ध सऊदी अरब के हमले बंद न हुए तो यमनी सेना सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ पर भी हमला करेगी।

ज्ञात रहे कि यमनी सेना ने सऊदी अरब और उसके गठबंधन के पाश्विक हमलों के जवाब में शनिवार को सऊदी तेल कंपनी आराम्को की बक़ीक और हरीज़ आयल रिफ़ाइनरियों पर हमला किया था। इस हमले में यमन के दस ड्रोन विमानों ने भाग लिया था।

उधर यमनी सेना ने इसी प्रकार शनिवार की रात दक्षिणी सऊदी अरब के क्षेत्र असीर में सऊदी सैन्य ठिकानों पर मीज़ाइलों से हमला कर दिया।

यमनी सूत्रों ने बताया है कि तीन ज़िलज़ाल-1 बैलेस्टिक मीज़ाइलों से किए जाने वाले इस हमले में सऊदी अरब की सेना को भारी जानी व माली नुक़सान पहुंचा है।