26 अगस्त 2019 - 13:02
हसन नसरुल्लाह की ओर से इस्राईल को दी गई चेतावनी है गंभीरः ईरान

ईरान की सरकार के प्रवक्ता ने कहा है कि इस्राईल को अपनी अतिक्रमणकारी कार्यवाहियों के परिणाम भुगतने होंगे।

अली रबीई ने सीरिया, लेबनान और इराक़ के विरुद्ध इस्राईल के अतिक्रमण की निंदा करते हुए कहा है कि इस्राईल को इन अतिक्रमणकारी कार्यवाहियों के परिणाम भुगतने पड़ेंगे।  ईरान की सरकार के प्रवक्ता ने सोमवार को तेहरान में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ज़ायोनी शासन को क्षेत्र की जनता के संयम के दुरूपयोग से बचना चाहिए।  उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, इराक़, सीरिया तथा लेबनानी राष्ट्रों के सुरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है।

 ईरान की सरकार के प्रवक्ता अली रबीई ने लेबनान के हिज़बुल्लाह आन्दोलन के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह की ओर से इस्राईल को दी गई चेतावनी को गंभीर बताते हुए कहा कि हालिया महीनों के दौरान अवैध ज़ायोनी शासन ने अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का दुस्साहसपूर्ण उल्लंघन किया है।  उन्होंने इराक़ के स्वयंसेवी बल की छावनी पर इस्राईल के ड्रोन हमले के संदर्भ में कहा कि इराक़ द्वारा ज़ायोनी शासन के आक्रमण को रोकने के लिए ईरान, इराक़ियों की हर प्रकार की सहायता करने के लिए तैयार है।

अली रबीई ने ईरान के तेल टैंकर ग्रेस-1 के बारे में कहा कि ईरान ने इस तेल टैंकर का तेल बेच दिया है और अब तेल के ख़रीदार इसका स्वयं फैसला करेंगे कि टैंकर का गंतव्य क्या होगा।  ईरान की सरकार के प्रवक्ता अली रबीई ने विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ की फ़्रांस यात्रा की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान के विदेशमंत्री की यात्रा का गुट-7 की शिखर वार्ात से कोई संबन्ध नहीं है बल्कि उनकी यात्रा फ़्रांस के निमंत्रण पर है।  अली रबीई ने यह बात बल देकर कही कि अमरीकी अधिकारियों से मुलाक़ात के लिए ईरान में किसी भी प्रकार की उत्सुक्ता नहीं पाई जाती।