15 अगस्त 2019 - 11:54
विदेशी नौसेना फ़ार्स खाड़ी से निकल जाए या फिर अपमानजनक ढंग से निकलने के लिए तय्यार हो जाएः ईरानी नौसेना प्रमुख की चेतावनी

ईरान के नौसेना प्रमुख ने दुश्मनों को फ़ार्स खाड़ी से जाने या फिर अपमानजनक ढंग से निकलने की चेतावनी दी है।

ईरान के नौसेना प्रमुख रियए एडमिरल हुसैन ख़ानज़ादी ने चेतावनी दी है कि फ़ार्स खाड़ी में मौजूद दुश्मन सेना क्षेत्र से निकल जाए या फिर अपमानजनक ढंग से निकलने के लिए तय्यार हो जाए। उन्होंने कहा कि पाखंडी कर्तब दिखाने का युग बीत चुका है।

ख़ानज़ादी ने बुधवार को कहाः अमरीका, ब्रिटेन और ज़ायोनी शासन को जान लेना चाहिए कि इस्लामी देशों का नौसैनिक प्रतिरोध बनने की स्थिति में है।

नौसेना प्रमुख ने क्षेत्रीय देशों में ख़ुद से चौकसी करने की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्रीय देश अपने हित को बेहतर ढंग से समझते हैं, जो उन्हें संयुक्त समुद्री सहयोग और क्षेत्र में सामूहिक हितों की रक्षा के लिए प्रेरित करेगी।

हुसैन ख़ानज़ादी ने कहा दुश्मन जान ले कि क्षेत्र की संपत्ति को लूटने का दौर ख़त्म हो गया है। उन्होंने बल देकर कहा कि डाकु जल्द से जल्द क्षेत्र से चले जाएं वरना अपमानजनक रूप से निकलने के लिए तय्यार हो जाएं। उन्होंने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी में मनचाहे तरीक़े से घूमने का दौर ख़त्म हो गया है।

ईरान के नौसेना प्रमुख ने साथ ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहाः "समुद्र में सामूहिक शांति और सुरक्षा के लिए दोस्ती, सहयोग, एकता और समुद्री पर्यावरण की सामूहिक समझ की ज़रूरत है, हालांकि कुछ उद्दंडी ताक़तें इसे समझने में नाकाम रहीं और वे समुद्र को धौंसियाने और अवैध सुरक्षा उपाय थोपने के लिए दुरुपयोग करती हैं।