22 जुलाई 2019 - 13:45
ईरान-अमरीका के बीच तनाव कम करने के लिए जापान कोशिश करेगाः शिन्ज़ो आबे

जापान के प्रधान मंत्री ईरान-अमरीका के बीच तनाव को कम करने का संकल्प रखते हैं।

जापान के प्रधान मंत्री शिन्ज़ो आबे ने ऐसी स्थिति में ईरान-अमरीका के बीच तनाव को कम करने की भरसक कोशिश करने का संकल्प जताया है कि अमरीका ने पश्चिम एशिया में पानी के जहाज़ के मार्ग की सुरक्षा के लिए कथित अभियान में अपने घटकों से एकजुट होने की अपील की है।

समझा जाता है कि अमरीका इस संदर्भ में टोक्यो से ईरान के दक्षिणी तट से दूर रणनैतिक दृष्टि से अहम जलक्षेत्र की रक्षा के लिए, अपनी  नौसेना भेजने की अपील करेगा।

जापानी मीडिया के अनुसार, अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन के इस हफ़्ते टोक्यो के दौरे पर वॉशिंग्टन की यह पेशकश एजेन्डे में हो सकती है।

जापानी प्रधान मंत्री ने अपने गठबंधन को इस देश की संसद के ऊपरी सदन में हुए चुनाव में रविवार को मिली सफलता के बाद,  सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहाः "ईरान से हमारी मित्रता लंबे समय से है। हम बहुत बार इस देश के राष्ट्रपति सहित दूसरे नेताओं से मिल चुके हैं।"

शिन्ज़ो आबे ने कहाः "अगली योजना के बारे में फ़ैसला करने से पहले जापान अमरीका-ईरान के बीच तनाव को कम करने की हर संभव कोशिश करेगा।"

जापानी प्रधान मंत्री ने कहा कि अमरीका नए गठबंधन के ज़रिए क्या हासिल करना चाहता है, इस बारे में जापान सूचना हासिल करेगा।

सूत्रों के अनुसार, अमरीका को पश्चिम एशिया में तेल ले जाने वाले जहाज़ों के मार्ग की रक्षा के लिए निगरानी बढ़ाने की पहल के प्रति अपने घटकों का समर्थन हासिल करने में संघर्ष करना पड़ रहा है, क्योंकि उसके घटकों को ईरान के साथ तनाव बढ़ने का डर है।