3 जून 2019 - 14:29
ईरान के साथ तनाव के चलते फ़ार्स खाड़ी में अमरीकी बमवर्षक और विमान वाहक युद्धपोत का युद्ध अभ्यास

बी-52 बमवर्षक समेत अमरीकी वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध की तैयारियों के मद्देनज़र अरब सागर में यूएसएस अब्राहम लिंकन के साथ युद्ध अभ्यास में भाग लिया है।

इस युद्ध अभ्यास में एफ़/ए-18 सुपर होरनेट्स, एमएच-60 हॉक हेलिकॉप्टरों और ई-2डी ग्रोवलर्स ने विमान वाहक युद्धपोत यूएसएस अब्राहम लिंकन से उड़ाने भरीं और युद्ध क्षेत्र में अपनी कुशलता का अभ्यास किया।

रविवार को इस युद्ध अभ्यास में अमरीकी वायु सेना ने समन्वय हमलों और टोही अभियानों का संयुक्त प्रशिक्षण किया।

एयर विंग सेवन के कमांडर कैप्टेन विलियम रीड का कहना था कि बी-52 के साथ एयर विंग का प्रशिक्षण इस बात को दर्शाता है कि हमारी सेना कितनी आक्रामक है और वह किसी भी ख़तरे का जवाब देने में सक्षम है।

ग़ौरतलब है कि ईरान के साथ तनाव में वृद्धि के चलते अमरीका ने पिछले महीने अपने बमवर्षक और विमान वाहक युद्धपोत फ़ार्स खाड़ी में तैनात किया है।

अमरीका, ईरान पर वार्ता शुरू करने और एक नए परमाणु समझौते के लिए दबाव डाल रहा है और वह ईरान से अपने व्यवहार में बदलाव लाने की भी मांग करता रहा है।

हालांकि ईरान ने अमरीका की धमकियों और दबाव को ख़ारिज कर दिया है और उसका कहना है कि यह अमरीका है कि जिसे दूसरे देशों के मामलों में हस्तक्षेप के अपने रवैये परिवर्तन लाने की ज़रूरत है।

ईरान के प्रतिरोध के चलते अमरीका के सुर कुछ ढीले पड़े हैं और उसने वार्ता के लिए रखी गई अपनी तमाम शर्तें वापस ले ली हैं।

इसके बावजूद ईरान ने वार्ता के प्रस्ताव को ढोंग बताते हुए ठुकरा दिया है और ईरानी राष्ट्रपति ने एलान किया है कि अमरीका को किसी भी तरह की बातचीत के लिए परमाणु समझौते से निकलने से पहले वाली स्थिति में वापस लौटना होगा।