17 मई 2019 - 12:21
अमरीकी सेनेटरों का आरोपः ईरान के बारे में इंटेलीजेन्स जानकारियों में फेर बदल कर रहे हैं ट्रम्प

अमरीका के चार सेनेटरों ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को पत्र लिखकर कहा है कि अमरीकी कांग्रेस में इस बात पर गहरी चिंता है कि ट्रम्प सरकार ईरान के साथ संभावित टकराव का तर्क गढ़ने के लिए इंटेलीजेन्स जानकारियों में फेरबदल कर रही है।

यह पत्र चार सेनेटरों एड मार्की, जेफ़ मार्कले, क्रिस वैन होलेन तथा बर्नी सैंडर्ज़ की ओर से लिखा गया है। पत्र में लिखा गया है कि ट्रम्प प्रशासन अमरीका को मध्यपूर्व में एक और युद्ध के मार्ग पर ले जाना चाहता है।

पत्र में चारों सेनेटरों ने चेतावनी दी है कि ट्रम्प प्रशासन की ईरान रणनीति विरोधाभासी है और इसमें स्थाइत्व नहीं है। पत्र में ट्रम्प से कहा गया है कि वह 15 जून तक इसका जवाब दें और अपनी ईरान रणनीति का ब्योरा सामने लाएं।

इस पत्र में बताया गया है कि कांग्रेस को इस बात पर गहरी चिंता है कि ट्रम्प सरकार अमरीका को ईरान के साथ सैनिक टकराव के बिंदु तक ले जा सकती है।

प्रतिनिधि सभा की चेयरमैन नेन्सी पेलोसी ने अपने एक बयान में कहा है कि ईरान के साथ सैनिक टकराव के लिए ट्रम्प सरकार के पास कांग्रेस की स्वीकृति नहीं है।