3 मई 2019 - 14:33
ईरान की ओपेक में मनमानी करने वाले सदस्यों को कड़ी चेतावनी

ईरान के पेट्रोलियम मंत्री बीजन नामदार ज़न्गने ने चेतावनी दी है कि अगर पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन ओपेक में उसके हित ख़तरे में पड़े तो वह वैसा ही जवाब देगा।

उन्होंने गुरुवार को कहाः "ईरान अपने हितों के दृष्टिगत ओपेक का सदस्य है अगर इस संगठन के सदस्यों ने उसके हित को ख़तरा पहुंचाने की कोशिश की तो ईरान इसका जवाब ज़रूर देगा।"

बीजन नामदार ज़न्गने ने ओपेक के महासचिव मोहम्मद बर्किन्दो से तेहरान में बैठक के बाद यह बात कही। ओपेक के महासचिव बुधवार को तेहरान में ईरान के तेल, गैस, रिफ़ाइनिंग और पेट्रोकेमिकल की आयोजित 24वीं प्रदर्शनी में भाग लेने ईरान आए थे।

बीजन नामदार ज़न्गने ने कहाः "हमने बर्किन्दो से कहा कि ओपेक को इसके कुछ सदस्यों की मनमानी भरे व्यवहार से ख़तरा है और इस बात की संभावना है कि यह संगठन ही बैठ जाए।"