4 मार्च 2019 - 15:40
सैन्य ताक़त से यमनी जनता को कोई झुका नहीं सकताः ईरान

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में ईरान और रूस के बीच दीर्घावधि सहयोग निश्चित रूप से जारी रहेगा।

उन्होंने अलआलम टीवी चैनल के साथ रूस के ईरान के संबंधों के बारे में कहा कि तेहरान और मास्को दुनिया और क्षेत्र के बहुत से मामलों में संयुक्त दृष्टिकोण रखते हैं और अपने प्रयास जारी रखेंगे और निश्चित रूप से सीरिया में भी दोनों देशों के बीच सहयोग यहां तक कि तुर्की की सहायता से तीनों देशों के बीच सहयोग जारी रहेगा।

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने कहा कि ईरान और के संबंध केवल सीरिया तक ही सीमित नहीं हैं और सीरिया ही दोनों देशों के बीच संबंधों का माध्यम नहीं है बल्कि हमारे अलग संबंध हैं।

श्री बहराम क़ासिमी ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की हालिया तेहरान यात्रा के बारे में कहा कि इस यात्रा का अर्थ पूरी तरह स्पष्ट है और दुनिया व क्षेत्र के कुछ देशों को स्पष्ट और सूक्ष्म संदेश भी दिया गया क्योंकि दुशमनों ने पिछले वर्षों के दौरान आतंकवादी गुटों का गठन करके सीरिया की संप्रभुता और अखंडता को बदलने का प्रयास किया किन्तु वे सफल नहीं हो सके।

उन्होंने राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी की आगामी इराक़ यात्रा के बारे में कहा कि यह यात्रा बहुत ही महत्वपूर्ण है और यह दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में महत्वपूर्ण मोड़ समझी जाती है। 

श्री बहराम क़ासिमी ने यमन पर सऊदी अरब के जारी हमलों के बारे में कहा कि आज तीन साल से अधिक समय से यह हमले जारी हैं और इससे पता चलता है कि किसी भी प्रकार के आधुनिक हथियार और किसी भी प्रकार की सैन्य शक्ति, इस राष्ट्र के इरादों को पराजित नहीं कर सकती।

उन्होंने पिछले दिनों वियतनाम में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग उन की मुलाक़ात के बारे में कहा कि उत्तरी कोरिया और अमरीका का मुद्दा सरलता से हल नहीं हो सकता।