इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की निंदा की और इस कटु घटना पर भारत सरकार और भारतीय जनता को सांत्वना पेश की है।
श्री बहराम क़ासिमी ने कहा कि ईरान, आतंकवाद की भेंट चढ़ने वाला देश रहा है और उसने पश्चिमी एशिया क्षेत्र में आतंकवादी गुटों के सफ़ाए के लिए बहुत अधिक कार्यवाहियां और व्यापक प्रयास किए हैं और उसने इसके लिए भारी क़ीमतें भी चुकाई हैं। उनका कहना था कि ईरान आतंकवाद के विरुद्ध कार्यवाही के अपने मार्ग को पूरी शक्ति और मज़बूत इरादों से जारी रखेगा।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रक्तरंजित और अमानवीय शैलियों का प्रयोग चाहे किसी भी गुट की ओर से हो, चाहे किसी भी लक्ष्य और उद्देश्य के लिए हो, किसी भी नाम या काम के लिए हो, अस्वीकार्य है।
ज्ञात रहे कि भारत नियंत्रित कश्मीर में रिमोर्ट कंट्रोल धमाके के परिणाम में सीआरपीएफ़ के 44 जवान हताहत हो चुके हैं। यह हमला जम्मू कश्मीर के पुलवामा ज़िले में हुआ।
रिमोर्ट कंट्रोल धमाका श्रीनगर से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित महत्वपूर्ण हाईवे पर उस समय हुआ जब सैन्य गाड़ियों का कारवां वहां से गुज़र रहा था।
धमाका इतना जबरदस्त था कि बस के टुकड़े टुकड़े उड़ गए और आस पास बिखरे क्षत-विक्षत शवों को देखा जा सकता है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट की घटना श्रीनगर जम्मू राजमार्ग पर अवंतिपुरा इलाके में हुई।
बताया जाता है कि 70 गाड़ियों पर आधारित सैन्य कारवां को निशाना बनाया गया। कारवां में 2574 सैनिक शामिल थे।