24 जनवरी 2019 - 19:10
पत्थर मारकर सात बच्चों की फ़िलिस्तीनी मां की हत्या करने वाले इस्राईली लड़के को क्या मिलेगी सज़ा?

सात बच्चों की फ़िलिस्तीनी मां की कार पर पत्थर फेंक कर उसकी हत्या करने वाले इस्राईल के एक 16 वर्षीय लड़के के ख़िलाफ़ अभियोजकों ने चार्जशीट दाख़िल कर दी है।

एक बड़ा सा पत्थर कार को तोड़ता हुआ रबी के सिर पर आकर लगा, जिसके बाद वे शहीद हो गईं।

पिछले महीने इस्राईली पुलिस ने ज़ायोनी बस्ती में स्थित एक धार्मिक स्कूल से 5 छात्रों को गिरफ़्तार किया था, लेकिन बाद में चार को रिहा कर दिया।

हालांकि चार्जशीट दाख़िल करने से एक दिन पहले ही अदालत में कहा गया था कि पत्थर की चट्टान से एकत्रित किए गए फ़ॉरेंसिक सुबूतों से पता चलता है कि संदिग्ध फ़िलिस्तीनी महिला की हत्या में शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय 16 वर्षीय इस्राईली लड़का अपने कुछ दोस्तों के साथ पहाड़ी पर खड़ा हुआ था और उसने काम में सवार फ़िलिस्तीनियों को देखकर क़रीब 2 किलोग्राम के पत्थर कार पर दे मारा।

अवैध अधिकृत इलाक़ों में ज़ायोनियों की इस तरह की कार्यवाहियों से फ़िलिस्तीनियों के प्रति उनकी नफ़रत का पता चलता है।

ज़ायोनी शासन जिसे आधुनिक काल का सबसे क्रूर रंगभेदी शासन कहा जाता है, यहूदी बच्चों के दिमाग़ में फ़िलिस्तीनियों और मुसलमानों से नफ़रत भर रहा है।

कार पर पत्थर फेंकने की इस क्रूर घटना में फ़िलिस्तीनी महिला की मौत के अलावा, उसका पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

आरोपी के ख़िलाफ़ आरोप तय होने के बावजूद, उसे किसी तरह की कोई सज़ा दिए जाने की संभावना नहीं है।

इस्राईली बड़े पैमाने पर आरोपी का समर्थन कर रहे हैं। इस्राईली क़ानून मंत्री एयलेत शाकेद 7 जनवरी को आरोपी के परिजनों से मुलाक़ात कर चुकी हैं, ताकि उनकी चिंताओं को दूर कर सकें।