चीनी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, चीन और अमरीका के राष्ट्राध्यक्षों ने दोनों देशों के बीच संबंधों को अधिक मज़बूत बनाने और उनका विस्तार करने पर बल दिया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से टेलीफ़ोन पर हुई अपनी बातचीत को चीनी राष्ट्रपति शी जिन-पिंग ने सार्थक बताया है। शी ने अमरीका और उत्तर कोरिया के बीच वार्ता पर भी बल दिया और आशा जताई कि इस प्रकार इसके अच्छे नतीजे निकल कर सामने आयेंगे।
अर्जेंटीना में जी-20 के सम्मेलन के इतर दोनों देशों के बीच आर्थिक युद्ध विराम पर सहमति के क़रीब एक महीने के बाद और नए साल की पूर्व संधिया पर दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच टेलीफ़ोन वार्ता से पता चलता है कि बीजिंग और वाशिंगटन दोनों ही आर्थिक मतभेदों के समाधान में रूची रखते हैं।
वास्तव में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने चीन समेत दुनिया के कई देशों से आर्थिक युद्ध छेड़ दिया था, जिससे ख़ुद अमरीका को भी भारी आर्थिक नुक़सान उठाना पड़ा है। ट्रम्प के इस क़दम की अमरीका के भीतर और बाहर काफ़ी आलोचना हुई। यही कारण है कि ट्रम्प प्रशासन चीन के साथ अपने आर्थिक मतभेदों को सुलझाने के लिए काफ़ी प्रयास कर रहा है।
हालांकि अधिकांश विशेषज्ञों का मानना है कि अमरीका के प्रयासों के बावजूद, दोनों देशों के आर्थिक मतभेद इतनी आसानी से सुलझने वाले नहीं हैं।