28 दिसंबर 2018 - 13:48
ट्रम्प ने नेवी सील की पहचान ज़ाहिर करने की भयंकर ग़लती की, विभिन्न हल्क़ों में रही आलोचना, जानिए उनसे यह ग़लती कब और कैसे हुयी

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की बहुत बड़ी ग़लती की वजह से अमरीकी नेवी सील की पहचान ज़ाहिर हो गयी, जिसकी अमरीका में विभिन्न हल्क़ों में आलोचना हो रही है।

यह घटना ट्रम्प की अचानक इराक़ यात्रा के दौरान घटी।

बुधवार को यह लज्जाजनक चूक उस समय हुयी जब अमरीकी राष्ट्रपति ने ट्वीटर पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह बग़दाद के ग़ैर घोषित दौरे पर एसईएएल टीम के सदस्यों के साथ सेल्फ़ी लेते और बात करते नज़र आ रहे हैं।

नेवी सील का मुख्यालय कैलिफ़ोर्निया राज्य में है।

ट्रम्प मंगलवार को इराक़ पहुंचे इस उम्मीद के साथ कि वह छुट्टियों के मौसम में आंशिक रूप से सरकारी विभागों के बंद होने तथा कई दूसरे मुद्दों के बीच, सार्थक रूप से न्यूज़ हेडलाइन का पात्र बन सकेंगे लेकिन उनकी इस भयंकर चूक की वजह से अमरीका में उनकी आलोचना हो रही है।

ट्रम्प अपनी बीवी के साथ जैसे ही बग़दाद की अलअसद एयर बेस पर उतरे, उन्होंने अमरीकी सेवा कर्मियों के साथ तस्वीर खिंचवाने से पहले उनसे बातचीत की।

पूल रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प के इस दौरे का ब्योरा उस समय तक गुप्त रखा गया जब तक लगभग 100 सैनिकों के बीच उनका भाषण ख़त्म नहीं हो गया। इन सैनिकों में ज़्यादातर इराक़ और सीरिया में अमरीका की विशेष फ़ोर्स के सदस्य थे।

इस रिपोर्ट के अनुसार, भाषण के बाद जब अमरीकी नौसेना में लेफ़्टिनंट कमान्डर कायो ली ने अपनी पहचान एसईएएल टीम फ़ाइव के चैपलिन के रूप में बतायी, तो ट्रम्प उनके साथ सेल्फ़ी तस्वीर लेने के लिए रूके।

ट्रम्प ने उनके जवाब में कहाः "तब तो एक तस्वीर लेनी चाहिए।"

एसईएएल टीम फ़ाइव का मुख्यालय कैलिफ़ोर्निया राज्य के कोरनैडो शहर के बाहर स्थित है।

इराक़ी वायु सीमा से बाहर निकलने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें ट्रम्प अमरीकी नेवी सील टीम फ़ाइव के सैनिकों के तस्वीर खिंचवाते नज़र आ रहे हैं।

इस वीडियो में विशेष बल के सैनिक पूरी तरह जंगी लेबास और विशेष चश्मा लगाए नज़र आ रहे हैं। इस चश्मे में रात में साफ़ तौर पर दिखाई देता है।

इराक़ में अमरीकी नौसेना के गुप्तचर मामलों के पूर्व विशेषज्ञ मैल्कम नैन्स ने न्यूज़वीक से कहाः "विशेष कार्यवाही में शामिल सैनिकों के सही नाम, चेहरा और पहचान को रणक्षेत्र में छिपाया जाता है। उनकी पहचान के अनजाने में अनौपचारिक मीडिया में ज़ाहिर होने से, चाहे ऐसा करने वाला कमान्डर इन चीफ़ ही क्यों न हो, अगर इनमें से कोई भी दुश्मन सरकार या आतंकी गुट द्वारा पकड़ लिया गया तो, बहुत हो हल्ला मचेगा। उस समय इस बात का इंकार नहीं हो पाएगा कि आप कौन हैं और क्या करते हैं।"

अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेन्टगॉन के एक अधिकारी ने भी नाम ज़ाहिर न होने की शर्त पर इस बात को स्वीकार किया कि विशेष कार्यवाही के सैनिकों के चेहरों का बिना धुंधला किए ज़ाहिर होना असमान्य घटना है।

इस अधिकारी ने कहाः "यहां तक कि कॉन्ग्रेस के शिष्टमंडल या राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति के लिए विशेष कार्यवाही के प्रदर्शन के दौरान, सैनिकों के चेहरे या ढके होते हैं या धुंधले कर दिए जाते हैं, आम लोगों के लिए ज़ाहिर करने से पहले।"

इस अधिकारी ने कहा कि उन्हें याद नहीं है कि इस तरह की कभी कोई घटना हुयी हो जब विशेष कार्यवाही के सैनिक, रणक्षेत्र में सेवा के दौरान खुले चेहरे के साथ तस्वीर खिंचवाते हुए नज़र आएं।