अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेन्टगॉन इस बात को स्वीकार करते हुए कि युद्ध ग्रस्त अफ़ग़ानिस्तान में शांति व स्थिरता लाने में ईरान का मुख्य रोल है, वॉशिंग्टन के उस दावे से पीछे हट गया है जिसमें वॉशिंग्टन ने यह कहा था कि तेहरान स्थानीय तालेबान गुट का समर्थन करता है।
पेन्टगॉन ने इसी हफ़्ते अमरीकी कॉन्ग्रेस को भेजी एक रिपोर्ट में कहाः"ईरान एक ऐसी स्थिर अफ़ग़ान सरकार चाहता है जो ईरानी लक्ष्य के अनुकूल हो, ईरान आईएसआईएस-के का अंत, अमरीका/नेटो की मौजूदगी का अंत और ईरानी हितों की रक्षा चाहता है जैसे जल अधिकार और सीमा सुरक्षा।"
अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने यह कहते हुए अफ़ग़ानिस्तान में ईरान के प्रभाव की बात स्वीकार की कि तेहरान अफ़ग़ान सरकार के साथ मल्टीट्रैक स्ट्रैटिजी अपनाए हुए है और काबुल के साथ द्विपक्षीय आर्थिक संबंध बढ़ाना चाहता है।
इस रिपोर्ट के अनुसार, "ईरान पश्चिमी, मध्य और उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान में सक्रिय है, जहां के स्थानीय अफ़ग़ान संयुक्त इतिहास, संस्कृति, धर्म और भाषा में ईरान के साथ भागीदार हैं।"
यह रिपोर्ट ऐसे समय आयी है कि ईरान ने एलान किया है कि वह अफ़ग़ान तालेबान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि पड़ोसी देश की मौजूदा सुरक्षा चुनौती से निपटने में मदद करे।