ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली शमख़ानी ने बुधवार को बताया कि अफ़ग़ान सरकार के समन्वय से तालिबान गुट के साथ संपर्क किया गया है।
शमख़ानी ने अफ़ग़ानिस्तान की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान यह टिप्पणी की है।
28 नवम्बर को अफ़ग़ानिस्तान पर जेनेवा सम्मेलन में बोलते हुए ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने विश्व समुदाय से अपील की थी कि इस युद्ध ग्रस्त देश में पुनः शांति की स्थापना के लिए अफ़ग़ान तालिबान और काबुल सरकार के बीच बातचीत में सहयोग करे।
अमरीका ने न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सैंटर पर हमले के बाद 2001 में अफ़ग़ानिस्तान पर हमला करके काबुल में तालिबान सरकार को गिरा दिया था।
अफ़ग़ानिस्तान पर अमरीका के क़ब्ज़े के दौरान, इस देश में हिंसा में अत्यधिक वृद्धि हुई है।