25 दिसंबर 2018 - 14:57
दुनिया में वैज्ञानिक उत्पादन के मामले में ईरान का 16वां स्थान

अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग के अनुसार ईरान ने वर्ष 2017 में वैज्ञानिक उत्पादन के मामले में दुनिया में 16वां स्थान प्राप्त किया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, घरेलू संसाधनों से तैयार किए जाने वाले ईरानी अनुसंधान और प्रयोगशाला उपकरणों की उपलब्धि के उद्घाटन समारोह के अवसर पर  ईरान के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर मंसूर ग़ुलामी ने अपने भाषण में कहा कि ईरान इस समय वैज्ञानिक उत्पादों की रेस में बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ईरान को विश्व स्तर पर वैज्ञानिक विकास का पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

ईरान के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर मंसूर ग़ुलामी ने कहा कि चीन और रूस दुनिया में वैज्ञानिक विकास के अनुसार, इस्लामी गणतंत्र ईरान के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। मंसूर ग़ुलामी ने हालिया प्रदर्शनी के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा है कि ईरानी विश्वविद्यालय वैज्ञानिक शिक्षा के आधार पर उन्नत क्षमता रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि  इस्लामी गणतंत्र ईरान ने वर्ष 2005 से 2017 के दौरान वैज्ञानिक उत्पादन में महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिसके कारण अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश 34वें रैंक से 16वें स्थान पर पहुंच गया है।