21 नवंबर 2018 - 13:03
ख़ाशुक़जी हत्याकांड के संबंध में ट्रम्प का बयान शर्मनाक

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के बयान को शर्मनाक बताया।

जवाद ज़रीफ़ ने ट्वीट किया कि ट्रम्प ने सऊदी अरब के अपराधों के बारे में अपने शर्मनाक बयान के पहले भाग में ईरान को एसी शैतानी हरकतों के लिए आरोपी ठहराया जो ट्रम्प की कल्पना में घूमती रहती हैं। शायद केलीफ़ोर्निया में आग लगने की घटना के लिए भी ईरान की ज़िम्मेदार है कि उसने जंगल को साफ़ करने में मदद नहीं की!

जवाद ज़रीफ़ ने अपने ट्वीट में ट्रम्प के उस बयान का हवाला दिया जिसमें ट्रम्प ने केलीफ़ोर्निया के जंगलों में भीषण आग लगने के लिए जंगलों की सफ़ाई न किए जाने को मुख्य कारण बताया था इस पर अमरीका में ट्रम्प का जमकर मज़ाक उड़ा था।

ट्रम्प ने यह कह दिया था कि उन्हें फ़िनलैंड के राष्ट्रपति साओली नीनीस्टो ने बताया कि उनके देश के लोग अपना काफी समय जंगलों को साफ़ करने में लगाते हैं। मगर फिनलैंड के राष्ट्रपति ने इसका खंडन करते हुए कहा कि उन्होने कभी भी अमरीकी राष्ट्रपति से इस बारे में कोई बात नहीं की।

ट्रम्प ने मंगलवार की शाम सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के संबंध में अपने बयान में ईरान पर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया  था।