11 नवंबर 2018 - 02:53
नियमित रूप से सीरिया पर हमले करने वाला इस्राईल अब क्यों ख़ामोश है?

जब से रूस ने सीरिया को एस-300 मिसाइल सिस्टम दिया है, इस्राईल ने इस अरब देश में एक भी हवाई हमला नहीं किया है।

जर्मन कॉनटरा मेगज़ीन ने लिखा है कि सीरिया में 17 सितम्बर को रूसी विमान के गिरने के बाद से इस्राईल ने सीरिया पर एक भी मिसाइल नहीं दाग़ा है।

इस्राईल आम तौर पर बिना किसी रोक-टोक के सीरिया में अपने लक्ष्यों को निशाना बनाता रहता था, लेकिन एस-300 की तैनाती के बाद इस क्रम पर पूर्ण रूप से विराम लग गया है।

हालांकि इस्राईली वायु सेना ने भविष्य में भी इस तरह के हमलों की धमकी दी थी।

इस्राईली युद्ध मंत्री एविगडोर लिबरमैन ने कहा था, हम कोई भी कार्यवाही करने की आज़ादी के अपने अधिकार से किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे।

यहां तक कि इस्राईली अधिकारी सीरिया के ख़िलाफ़ किसी भी हमले की जानकारी रूस से साझा करने में भी आनाकानी कर रहे थे और उनका कहना था कि अगर हमने पहले ही रूस को इसकी जानकारी दे दी थी उसके लीक होने की संभावना बनी रहेगी और सीरियाई वायु रक्षा प्रणाली होने वाले हमले के लिए तैयार हो जाएगी।

यहां यह सवाल है कि इस्राईल सीरिया पर हमले क्यों करता है? ज़ायोनी अधिकारियों का दावा है कि ईरान और हिज़्बुल्लाह अवैध अधिकृत गोलान हाइट्स के निकट सैन्य अड्डों की स्थापना कर रहे हैं, जिससे भविष्य में इस्राईल को निशाना बनाना आसान हो जाएगा और इस तरह से इस्राईल की सुरक्षा ख़तरे में पड़ जाएगी।

हालांकि यह स्पष्ट है कि इस्राईल इस तरह के हमले सीरियाई सेना की शक्ति को कमज़ोर करने और आतंकवादी गुटों के समर्थन में करता रहा है।