बहराम क़ासेमी का कहना है कि नए अमरीकी प्रतिबंध जहां एक ओर अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन हैं वहीं पर ईरानी राष्ट्र के साथ अमरीकी सरकार के द्वेष को भी दर्शाते हैं। उन्होंने अमरीकी वित्त मंत्रालय की ओर से ईरान की कंपनियों पर प्रतिबंधों की घोषणा के बाद बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह ईरानी राष्ट्र के विरुद्ध दबाव और अमरीका के मनोवैज्ञानिक युद्ध की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि अमरीकी सरकार ने जो व्यवहार अपना रखा है उसने न केवल ईरानी राष्ट्र के हितों को बल्कि विश्व शांति को भी ख़तरे में डाल दिया है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ईरान तथा अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय पूरी सद्भावना के साथ यह प्रयास कर रहा है कि अमरीका की ओर से एक पक्षीय रूप में जेसीपीओए से निकल जाने के बाद इस समझौते में ईरान के हितों को सुरक्षित बनाया जाए।
ज्ञात रहे कि अमरीका ने ईरान की इस्लामी क्रांति के संरक्षक बलों का सहयोग करने के आरोप में मंगलवार को ईरान के बीस बैंकों, कंपनियों और संगठनों को प्रतिबंधित करने की घोषणा की थी।