1 अक्टूबर 2018 - 08:12
कुछ अरब देश, इस्राईल को गज़्ज़ा पर हमले के लिए उकसा रहे हैं, हमास

फिलिस्तीन प्रतिरोध संगठन हमास के एक वरिष्ठ सदस्य ने चेतावनी दी है कि कुछ अरब देश, ज़ायोनी शासन को गज़्ज़ा पट्टी पर हमले के लिए भड़का रहे हैं।

हमास के राजनीतिक कार्यालय के सदस्य, महमूद अज़्ज़हार ने बल दिया है कि कुछ अरब राजनेता और फिलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास बंदियों के आदान प्रदान के लिए हमास पर दबाव डालने के उद्देश्य से इस्राईल को गज़्ज़ा पर हमले के लिए उकसाने का इरादा रखते हैं। 

उन्होंने अरबों के इस षडयंत्र का अधिक ब्योरा नहीं दिया लेकिन यह ज़रूर कहा कि गज़्जा के बैंकों को रक़म की अदायगी बंद करने जैसे महमूद अब्बास के कुछ फैसलों का उद्देश्य यह है कि गज़्ज़ा के निवासी हमास के खिलाफ उठ खड़े हों। 

याद रहे फिलिस्तीनी प्रशासन ने गज़्ज़ा में हमास पर दबाव डालने के लिए इस क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों के वेतन में 50 प्रतिशत की कमी कर दी है तथा इस क्षेत्र के लिए बिजली की सप्लाई भी कम कर दी है।