ईरान के गुप्तचर मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हमारे पास उस आतंकवादी टीम की पूरी पहचान मौजूद है जिसने शनिवार को दक्षिण पश्चिमी ईरान के अहवाज़ नगर में परेड के दौरान आतंकवादी हमला किया था।
इस बयान में कहा गया है कि अहवाज़ हमले में लिप्त 22 एेसे लोगों को गिरफ़्तार किया गया है जो आतंकियों की दूर से सहायता कर रहे थे। बयान में यह भी बताया गया है कि आतंकवादियों के समर्थकों के बारे में भी पता चल गया है। जिस घर में आतंकवादी रुके थे वहां से विस्फोटक पदार्थ, शस्त्र गोला-बारूद और संपर्क उपकरण मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को ईरान के दक्षिण पश्चिमी नगर अहवाज़ में परेड के दौरान आतंकवादियों ने दर्शकों पर फ़ाएरिंग की थी जिसके परिणाम स्वरूप 25 लोग शहीद हुए और 60 से अधिक घायल हो गए थे। इस हमले की ज़िम्मेदारी आतंकी गुट अलअहवाज़दी और दाइश ने ली थी जिन्हें सऊदी अरब और अमरीका का समर्थन प्राप्त है।