10 सितंबर 2018 - 06:45
आयतुल्लाह सीस्तानी ने बसरा संकट के तुरंत समाधान पर दिया बल, मुक़तदा सद्र ने प्रधान मंत्री से मांगा इस्तीफ़ा

इराक़ी शिया धर्मगुरू मुक़तदा सद्र ने प्रधान मंत्री हैदर अल-अबादी से इस्तीफ़ा देने और पद छोड़ने की मांग कर दी है।

बसरा में विरोध प्रदर्शनों और भीषण हिंसा के बाद, मुक़तदा सद्र ने अल-अबादी से इस्तीफ़ा देने की मांग की है।

हालांकि मई में हुए आम चुनाव के बाद सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने वाली सद्र की पार्टी तीसरे नम्बर पर रहने वाली अल-अबादी की पार्टी के साथ गठबंधन करके देश में नई सरकार के गठन के प्रयास कर रही थी।       

चुनाव के आयोजन को तीन महीने से भी अधिक का समय बीत जाने के बाद भी इराक़ में कोई गठबंधन सरकार का गठन नहीं कर पाया है, इससे आतंकवाद से जूझ रहे इस देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी है और कई अवसरों पर स्थिति इराक़ की वर्तमान सरकार के निंयत्रण से बाहर हो गई है।

शुक्रवार को इराक़ के सबसे वरिष्ठ शिया धर्मगुरु आयतुल्लाह सीस्तानी ने भी बसरा संकट के समाधान के लिए तुरंत नई सरकार के गठन पर बल दिया था।