7 सितंबर 2018 - 06:31
पाकिस्तान किसी युद्ध में भाग नहीं लेगाः इमरान ख़ान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान का कहना है कि पाकिस्तान भविष्य में किसी भी युद्ध में भाग नहीं लेगा और इसके लिए हम अपनी विदेश नीति भी ऐसी ही बनाएंगे।

उन्होंने जनरल हेड क्वाटर में रक्षा दिवस के केन्द्रीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार हमारी सेना ने 1965 के युद्ध में लाहौर की रक्षा की उसका उदाहरण कहीं नहीं मिलता।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का कहना था कि यदि पाकिस्तान में कोई संस्था इस समय एकजुट है तो वह सेना है जिसमें राजनैतिक हस्तक्षेप नहीं है। उनका कहना था कि पाकिस्तान को बड़ी चुनौतियों का सामना है, देश क़र्ज में डूबा हुआ है।

श्री इमरान ख़ान ने कहा कि गंतव्य की प्राप्ति के लिए हर नागरिक को अपनी ज़िम्मेदारियों पर अमल करना होगा और जब राष्ट्र एकजुट होता है तो उच्च स्थान प्राप्त करता है।

उधर पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ज़िदा राष्ट्र कभी भी अपने शहीदों को नहीं भूलता और जो राष्ट्र अपने शहीदों को भूल जाता है वह मिट जाता है।

उनका कहना था कि पाकिस्तान की रक्षा के लिए हम सब तैयार हैं, 1965 के युद्ध में समस्त पाकिस्तानियों ने अपनी भूमिका अदा की और पाकिस्तानी सेना के जवान आग में कूद पड़े किन्तु देश पर आंच न आने दी।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि हमने 1965 और 1971 के युद्ध से बहुत कुछ सीखा जिसके कारण आज हम परमाणु शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि दुश्मन की ओर से हमें कमज़ोर और विभाजित करने का प्रयास किया गया किन्तु सलाम है पाकिस्तानी राष्ट्र पर और उन रक्षकों पर जो सीसा पिलाई दीवार की भांति मोर्चे पर डटे रहे।