23 अगस्त 2018 - 18:07
सीरिया, इदलिब में सेना बड़ी कार्यवाही के लिए तैयार, आम नागरिकों का निकलना जारी

सीरिया के मीडिया सूत्रों ने बताया है कि पिछले चार दिनों से अबू ज़हूर पास के खुलने से हज़ारों की संख्या में आम नागरिक इदलिब प्रांत में सरकारी बलों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं।

सीरिया की सरकार ने 20 अगस्त सोमवार को पूर्वी इदलिब प्रांत के अबू ज़हूर पास को खोला था ताकि इदलिब प्रांत में आतंकियों के नियंत्रण में मौजूद आम नागरिक सुरक्षित क्षेत्रों की ओर आ सकें।

फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी ने रिपोर्ट दी है कि बावजूद इसके कि इस रास्ते के खुलने के पहले ही दिन इदलिब से एक हज़ार 500 लोग निकल गये थे, यह प्रक्रिया पूरी शक्ति के साथ यथावत जारी है।

इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इस क्षेत्र से निकलने वालों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे है क्योंकि नुस्रा फ़्रंट के आतंकियों ने पुरुषों और युवाओं को क्षेत्र से निकलने की अनुमति नहीं दी और इन लोगों को सेना के विरुद्ध कार्यवाही में मानवीय ढाल के रूप में प्रयोग करना चाहते हैं।

सीरिया का पश्चिमोत्तरी प्रांत इदलिब अब भी विभिन्न आतंकवादी संगठनों के नियंत्रण में है और सीरिया की सेना इस क्षेत्र की स्वतंत्रता के लिए स्वयं को तैयार कर रही है।