अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम सामने आते ही इस देश के विभिन्न शहरों में लोगों ने प्रदर्शन किए और अमरीकी ध्वज को आग के हवाले कर दिया।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी चुनाव में ट्रम्प की जीत के बाद हिलेरी क्लिंटन के सैकड़ों समर्थकों ने अपनी असफल उम्मीदवार के समर्थन में कैलिफोर्निया राज्य और ओरेगन में सड़कों पर निकलकर प्रदर्शन किया और अमरीकी झंड़े को जलाया।
अमरीका से प्राप्त समाचारों के अनुसार ट्रम्प की जीत से ग़ुस्साए लोग अमरीका के विभिन्न राज्यों में सड़कों पर निकल आए और नारे बाज़ी के साथ कई स्थानों पर उन्होंने आगज़नी की। इस रिपोर्ट के अनुसार सामाजिक चैनलों पर प्रकाशित होने वाली कुछ तस्वीरों में सैकड़ों लोग सड़कों पर रखे कूड़दानों को आग लगा रहे हैं।
इसी तरह ओरेगान तथा कैलिफोर्निया राज्यों के विश्वविद्यालयों के छात्र भी ट्रम्प के ख़िलाफ़ नारे लगाते हुए सड़कों पर निकल आए हैं। साथ ही पोर्टलैंड में भी सैकड़ों लोगों ने ट्रम्प के ख़िलाफ़ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया और अमरीकी ध्वज को आग लगा दी।
इसी बीच वॉशिंटन से प्राप्त समाचारों के अनुसार डोनाल्ड ट्रम्प और हिलेरी क्लिंटन दोनों के समर्थकों ने व्हाइट हाउस के सामने एकत्रित होकर और एक दूसरे के ख़िलाफ़ जमकर नारे लगाए और फिर दोनों प्रतियाशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करके उन्हें खदेड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि है कि अमरीका का राष्ट्रपति चुनाव 8 नवंबर को सम्पन हुआ था। 9 नवंबर बुधवार को आए परिणाम जो अमरीकी मीडिया की उम्मीदों के विपरीत निकला और डोनाल्ड ट्रम्प सफल हो गए। ज्ञात रहे कि डोनाल्ड ट्रम्प 20 जनवरी 2017 को बराक ओबामा की जगह अमरीकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।
9 नवंबर 2016 - 19:48
समाचार कोड: 790931
अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम सामने आते ही इस देश के विभिन्न शहरों में लोगों ने प्रदर्शन किए और अमरीकी ध्वज को आग के हवाले कर दिया।