30 अप्रैल 2015 - 10:39
 समझौता नहीं तो सभी पक्षों का नुकसान, ईरानी विदेशमंत्री

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने परमाणु वार्ता का उल्लेख करते हुए कहा है कि इस अवसर को गंवाना, सभी पक्षों के लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने परमाणु वार्ता का उल्लेख करते हुए कहा है कि इस अवसर को गंवाना, सभी पक्षों के लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा।
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ ने बुधवार को न्यूयार्क विश्वविद्यालय में एक बैठक के दौरान विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिये। विदेशमंत्री ने यमन के बारे में पूछे गये एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि यमन का मुद्दा राजनीतिक नहीं बल्कि मानवीय है और इस देश की जनता के दुखों के अंत के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए।
ईरानी विदेशमंत्री ने परमाणु वार्ता के बारे में कहा कि हमें आशा है कि जून में तय अंतिम तारीख से पहले ही समझौता तैयार करने का काम पूरा हो जाएगा और समझौते की तैयारी के लिए वार्ता का अगला चरण गुरुवार को न्यूयार्क में और सोमवार से जेनेवा में बिना अंतराल के जारी रहेगा।
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ ने अंतिम समझौते की तैयारी की तारीख के बारे में पूछे गये एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि हम सब का दिल चाहता है कि जितनी जल्दी संभव हो यह काम पूरा हो जाए और समझौते पर हस्ताक्षर हो जाएं।
विदेशमंत्री ने ईरान पर लागू प्रतिबंधों के बारे में पूछे गये एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि अगर ईरान और गुट पांच धन एक के सदस्य देश जून तक सहमति पर पहुंच जाते हैं तो सुरक्षा परिषद उसके कुछ दिनों के बाद समझौते की पुष्टि कर देगी और एक प्रस्ताव पारित करके पहले के सभी प्रस्तावों को निरस्त कर देगी और सुरक्षा परिषद के इस प्रस्ताव का पालन, अमरीकी सरकार के लिए भी अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि परमाणु वार्ता में ईरान का पक्ष , अमरीकी कांग्रेस या सुप्रीम कोर्ट नहीं बल्कि अमरीकी सरकार है।इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने एक बार फिर इस बात पर बल दिया कि अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर के साथ ही ईरान पर लागू सभी प्रतिबंधों समाप्त किया जाना होगा।